विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने प्रेस टूर की मांग, जनसंपर्क अधिकारी सुजीत सिंह ने दिया जल्द भ्रमण का आश्वासन...


जनसंपर्क अधिकारी सुजीत सिंह ने दिया सकारात्मक आश्वासन, जल्द भ्रमण आयोजित कराने की कही बात

मुंगेली - शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जमीनी हकीकत को आमजन तक तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं विश्वसनीय रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से मुंगेली जिले के पत्रकारों ने समय-समय पर अध्ययन एवं भ्रमण (प्रेस टूर) आयोजित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के नाम जिला जनसंपर्क अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

मीडिया की भूमिका और प्रत्यक्ष निरीक्षण की आवश्यकता

ज्ञापन में पत्रकारों ने उल्लेख किया कि शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्तमान में अधिकांश समाचार जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्तियों और उपलब्ध कराई गई सूचनाओं के आधार पर प्रकाशित किए जाते हैं।

पत्रकारों का कहना है कि यदि उन्हें समय-समय पर जिले में संचालित विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण और जमीनी अध्ययन कराया जाए, तो समाचारों में वास्तविक तथ्यों और जमीनी परिस्थितियों को बेहतर ढंग से शामिल किया जा सकेगा। इससे न केवल खबरों में तथ्यात्मकता, विश्वसनीयता और संतुलन बढ़ेगा, बल्कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद व समन्वय भी मजबूत होगा।

बजट व नियमानुसार व्यवस्था करने का अनुरोध

आवेदन में कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि शासन के प्रचलित नियमों, उपलब्ध बजटीय प्रावधानों एवं सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के तहत पत्रकारों के लिए अध्ययन व भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने हेतु आवश्यक पहल की जाए। साथ ही नियमानुसार अनुमन्य परिवहन, जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार करने की मांग की गई है।

जनसंपर्क विभाग ने दिया सकारात्मक आश्वासन

पत्रकारों की इस पहल पर जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक संचालक सुजीत सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए मांग को स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले के पत्रकारों के लिए प्रेस टूर का आयोजन किया जाएगा। पत्रकारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर सामने लाने में बड़ी मदद मिलेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ पत्रकार

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ मुंगेली के उपाध्यक्ष हरजीत भास्कर, ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद बंजारा, पथरिया ब्लॉक अध्यक्ष देवचरण जोशी, लोरमी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद जायसवाल, रवि शुक्ला, बादल टंडन, रंजीत तेंदुलकर, बबलू बंजारा, संतोष पाठक, वार्षिक बंजारा, राकेश भास्कर, किशन जायसवाल एवं रूपेंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ