रायपुर/मुंगेली:- छत्तीसगढ़ की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला। मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के अनुभवी नेता और युवा कांग्रेस के पूर्व सक्रिय चेहरा कलेश्वर गर्ग ने कांग्रेस का दामन छोड़ आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। रायपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ 'झाड़ू' थाम ली।
केजरीवाल मॉडल और नीतियों से प्रभावित :-
सदस्यता ग्रहण करने के बाद कलेश्वर गर्ग ने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल की विकासवादी सोच और भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति से गहरे प्रभावित हैं। उन्होंने विशेष रूप से दिल्ली और पंजाब के शिक्षा व स्वास्थ्य मॉडल की
सराहना करते हुए कहा:-
"मैं आम आदमी पार्टी की जनसेवा की नीतियों से प्रभावित हूँ। आज देश को ईमानदारी की राजनीति की जरूरत है और मुझे विश्वास है कि केवल 'आप' ही आम आदमी की समस्याओं का वास्तविक समाधान कर सकती है।
दिग्गजों ने किया स्वागत :-
इस अवसर पर पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों ने कलेश्वर गर्ग और उनके साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से शामिल थे:
* मुकेश अहलावत जी (छत्तीसगढ़ प्रभारी)
* अभिषेक मिश्रा जी (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष)
* दुर्गा झा जी (मुंगेली जिला प्रभारी)
* मनोज अनंत जी (मुंगेली जिला अध्यक्ष)
नेताओं ने नए सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर विधिवत रूप से संगठन में शामिल किया।
मुंगेली में बढ़ेगी 'आप' की ताकत:-
पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज अनंत द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कलेश्वर गर्ग के आने से मुंगेली जिले में आम आदमी पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में ये सभी कार्यकर्ता मिलकर स्थानीय जन-मुद्दों और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएंगे।


0 टिप्पणियाँ